PABNA(Print & Broadcast News Agency)
PABNA(Print & Broadcast News Agency)
February 17, 2025 at 11:35 AM
लखनऊ, 17 फरवरी 2025। उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष श्री सतीश महाना ने कहा कि बजट सत्र अत्यंत महत्वपूर्ण होता है, क्योंकि इसमें राज्य  सरकार आगामी वित्तीय वर्ष की योजनाओं एवं नीतियों का खाका प्रस्तुत करती है। उन्होंने सभी दलीय नेताओं से अनुरोध किया कि वे सदन में शालीनता एवं संसदीय मर्यादा बनाए रखते हुए सकारात्मक चर्चा करें। इस पर सभी दलीय नेताओं ने  सदन के संचालन में सहयोग दिए जाने का आश्वासन दिया।  विधानसभा के बजट सत्र से पूर्व सत्र के सुचारू संचालन हेतु आज विधानसभा अध्यक्ष श्री सतीश महाना की अध्यक्षता में एक सर्वदलीय बैठक आयोजित की गई। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष श्री सतीश महाना ने सभी दलों से अनुरोध किया कि वे लोकतांत्रिक मर्यादा का पालन करते हुए प्रदेश के विकास में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं। विधानसभा अध्यक्ष श्री सतीश महाना ने कहा कि सत्ता पक्ष हो, चाहे विपक्ष हो, सभी को सदन में अपनी बात रखने का अधिकार होता है। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि सदन में सार्थक चर्चा हो जिससे देश में सकारात्मक संदेश जाए। बैठक में मुख्यमंत्री योगी श्री आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री श्री  ब्रजेश पाठक संसदीय कार्य मंत्री श्री सुरेश खन्ना, नेता प्रतिपक्ष श्री माता प्रसाद पाण्डे समेत सभी दलों के नेता उपस्थित रहे। इस अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह सत्र प्रदेश की आर्थिक समृद्धि एवं विकास योजनाओं को गति देने वाला होगा। उन्होंने विपक्ष से सकारात्मक चर्चा की अपील करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश की प्रगति को पूरे देश में सराहा जा रहा है। उन्होंने कहा कि  अध्यक्ष श्री सतीश महाना ने उत्तर प्रदेश विधानसभा को नई पहचान दी है। मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि विधानसभा अध्यक्ष श्री सतीश महाना ने अध्यक्ष के रूप में उत्तर प्रदेश की उपलब्ध्यिों को आगे बढाने तथा चिरस्मरणीय बनाने का काम किया है। उन्होंने अपेक्षा व्यक्त करते हुए कहा  कि पूर्व के तीन वर्षो की भांति इस वर्ष भी सदन  में सार्थक चर्चा होगी। मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ ने  कहा कि उत्तर प्रदेश देश का पहला राज्य है जहां ई-विधान लागू किया गया है, जिससे उत्तर प्रदेश की विधानसभा कार्यवाही की पूरे देश में नई पहचान बनी है। उन्होंने कहा कि हमारी दलीय प्रतिबद्वता हो सकती है पर हम सबको  मिलकर उत्तर प्रदेश को आगे बढाना है। संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि विधानसभा को तकनीकी रूप से आधुनिक बनाया जा रहा है, जिससे इसकी कार्यप्रणाली पूरे देश में एक उदाहरण बनेगी। सर्वदलीय बैठक में नेता प्रतिपक्ष श्री माता प्रसाद पाण्डे ने कहा कि  बजट सत्र में बड़े विभागों पर अलग से विस्तृत चर्चा कराई जाए। उन्होंने आश्वासन दिया कि वे सदन के सुचारू संचालन में अपना पूरा सहयोग देंगे। इस बैठक में अपना दल (एस) के राम निवास वर्मा, राष्ट्रीय लोक दल  के प्रदीप कुमार सिंह , सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के श्री  बेदीराम, जनसत्ता लोकतांत्रिक पार्टी के विनोद सरोज, निर्बल  इंडियन शोषित हमारा आम दल के  श्री रमेश  भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की श्रीमती आराधना मिश्रा मोना तथा जनसत्ता लोकतान्त्रिक दल  से श्री विनोद सरोज  उपस्थित रहे। इससे पूर्व कार्य-मंत्रणा समिति की बैठक में विधानसभा के एजेंडे पर चर्चा की गयी। कार्यमंत्रणा समिति की बैठक में माननीय सदस्यों महिला कल्याण एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती बेबी रानी मौर्य, उच्च शिक्षा मंत्री श्री योगेन्द्र उपाध्याय जी, श्री सुशील कुमार शाक्य, श्री रवि शर्मा, श्री रविदास मेहरोत्रा, डा संग्राम यादव, के अलावा विशेष आमंत्री सदस्य श्री रामनिवास वर्मा, श्री प्रदीप कुमार सिंह, श्री रमेश, श्रीमती आराधना मिश्र मोना  श्री विनोद सरोज, तथा श्री रामनरेश अग्निहोत्री उपस्थिति थें। बैठक में प्रमुख सचिव श्री प्रदीप कुमाद दुबे के अलावा विधानसभा सचिवालय के अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थिति थें।

Comments