
Farooqui Tanzeem Urdu daily
June 12, 2025 at 09:10 AM
जन सुराज पार्टी के संस्थापक और राजनीतिक रणनीतिकार प्रशांत किशोर ने बुधवार को बिहार में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि इस बार का चुनाव उनके लिए निर्णायक साबित होगा – “या तो जन सुराज पार्टी इतनी कम सीटें जीतेगी कि अगले 5-6 साल तक कड़ी मेहनत करनी पड़ेगी, या फिर इतनी सीटें आएंगी कि हम बिहार की व्यवस्था बदलने में लग जाएंगे।” उन्होंने दो टूक कहा, “बिहार की हालत तो हर हाल में बदलनी है।”
प्रशांत किशोर ने यह भी दावा किया कि नवंबर के बाद बिहार की सियासत पूरी तरह बदल जाएगी। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कार्यकाल पर उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा, “नीतीश कुमार अब सीएम नहीं रहेंगे, कोई नया मुख्यमंत्री होगा। और जो भी मुख्यमंत्री बनेगा, बिहार की व्यवस्था पूरी तरह से बदलने वाली है।”
जनता का राज चाहिए, नेताओं का नहीं: आरा में सभा
प्रशांत किशोर ने आरा के शाहपुर में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, “बिहार में बदलाव चाहिए तो नेताओं का नहीं, जनता का राज चाहिए।” उन्होंने युवाओं को रोजगार और शिक्षा के मुद्दे पर मतदान की अपील की। भोजपुरी में अपनी बात रखते हुए कहा, “वोट देब अनाज और सिलिंडर खातिर, त रोजगार कइसे पइब?”—यह वाक्य तेजी से जनसभा में गूंज उठा।
जनसभा के दौरान पार्टी की वरिष्ठ नेता अनुरानी झा ने कहा, “बिहार बदलाव ढूंढ रहा है, और वह बदलाव सिर्फ जन सुराज ही ला सकता है।” इस मौके पर पार्टी नेताओं में विनय कृष्ण मिश्र, नवीन राय और शिक्षाविद पद्मा ओझा प्रमुख रूप से मौजूद रहे। सभा का संचालन नवीन राय ने किया और कार्यकर्ताओं ने रानीसागर गांव में बैंड-बाजे के साथ प्रशांत किशोर का स्वागत किया।
बक्सर में हुआ भव्य स्वागत, “बिहार बदलेगा” के लगे नारे
बक्सर के नया भोजपुर स्थित महाराजा कोठी में हुई एक सभा में भी प्रशांत किशोर ने हिस्सा लिया। उन्होंने स्वर्गीय कमल बहादुर सिंह के तैलचित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान राजपरिवार के महाराजा चंद्रविजय सिंह, युवराज शिवांग विजय सिंह और तथागत हर्षवर्धन समेत कई गणमान्य व्यक्तियों ने उनका स्वागत किया।
सभा में कार्यकर्ताओं ने “बिहार बदलेगा” के नारों से माहौल को जोशीला बना दिया। मीडिया से बातचीत में प्रशांत किशोर ने कहा, “बिहार में अब बदलाव की लहर चल पड़ी है। इस बार की सीधी टक्कर जन सुराज और एनडीए के बीच होगी। राजद अब कोई फैक्टर नहीं रह गया है।” जन सुराज पार्टी ने साफ कर दिया है कि 2025 का चुनाव सिर्फ सत्ता परिवर्तन का नहीं, बल्कि व्यवस्था परिवर्तन का मिशन है।
.
.
website :- farooquitanzeem.com
Facebook :- https://www.facebook.com/farooquitanzeem1?mibextid=ZbWKwL
Instagram :- https://www.instagram.com/farooqui_tanzeem?igsh=MTlybnYwN3JnOWs3MQ==
Twitter :- https://x.com/f__tanzeem?t=46g5e9LbqWEQFjZZDMecuA&s=09
