राजस्थान विधान सभा
January 27, 2025 at 12:56 PM
*76 वें गणतंत्र दिवस विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने किया झण्डारोहण*
जयपुर, 26 जनवरी। राजस्थान विधान सभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने रविवार को 76 वें गणतन्त्र दिवस के अवसर पर राजस्थान विधान सभा में झण्डारोहण किया। विधानसभा अध्यक्ष श्री देवनानी ने गणतंत्र दिवस की सभी लोगों को शुभकामनाएं दी। श्री देवनानी ने कहा कि आज हम सब गणतंत्र दिवस मनाने के लिए एकत्रित हुए हैं। यह दिवस हमारे देश के लिए बहुत महत्वपूर्ण है, क्योंकि इस दिन हमारे देश का संविधान लागू हुआ था। भारत का संविधान हमारे देश की आत्मा है। यह संविधान हमें अपने अधिकारों के साथ कर्तव्यों के बारे में बताता है। उन्होंने कहा कि हम सब मिलकर गणतंत्र दिवस को मनाएं और अपने देश के लिए अपने कर्तव्यों का पालन करें। विधानसभा में गणतन्त्र दिवस पर समारोह का शुभारम्भ वन्देमातरम से हुआ। विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने झण्डारोहण किया और पुलिस बैंड द्वारा राष्ट्र गान प्रस्तुत किया गया। समारोह में विधायकगण एवं पूर्व विधायकगण सहित प्रमुख सचिव श्री भारत भूषण शर्मा, विशिष्ट सहायक के. के. शर्मा, विधानसभा के अधिकारीगण व कर्मचारींगण शामिल हुए।
*राजकीय आवास पर किया झंडारोहणः* राजस्थान विधान सभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने गणतंत्र दिवस के मौके पर राजकीय आवास पर भी झंडारोहण किया। श्री देवनानी ने इस मौके पर भी उपस्थित लोगों को गणतंत्र दिवस की बधाई और शुभकामनाएं दी।
*अमर जवान ज्योति पर पुष्प चक्र अर्पितः* राजस्थान विधान सभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने गणतंत्र दिवस के मौके पर अमर जवान ज्योति पर पुष्प चक्र अर्पित कर शहीदों को नमन किया। उन्होनें शहीदों की याद में मौन भी रखा। श्री देवनानी ने विजिटर बुक में लिखा *"अनगिनत वीरों के बलिदान से हमें गणतंत्र दिवस मनाने का अवसर प्राप्त हुआ है। मैं उन सब बलिदानियों को नमन करता हूं। इस दिवस पर हमें लोकतंत्र के लिये संविधान मिला। हमारे जीवन में राष्ट्र प्रथम रहना चाहिये।"*