राजस्थान विधान सभा
February 25, 2025 at 03:28 PM
*भावुकता को कमजोरी ना समझे- श्री देवनानी ** *सदन में नियमों और परंपराओं का अनुशासन के साथ पालन होगा आवश्यक रूप से* *मर्यादाओं का उल्लंघन नहीं होने दिया जाएगा सदन में ** जयपुर, 25 फरवरी । राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने कहा है कि उनकी भावुकता को कमजोरी ना समझा जाए। उन्होंने कहा मानवीय भावनाओं के कारण सदन में मर्यादाओं के उल्लंघन करने वालों की बातों से उनके मन को काफी ठेस पहुंची थी, जिसके कारण वे मंगलवार को सदन में भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि सदन में मर्यादाओं का उल्लंघन नहीं होने दिया जाएगा। श्री देवनानी ने कहा कि वे सदन में पक्ष और प्रतिपक्ष में भेदभाव नहीं करते हैं। उनका प्रयास रहता है कि प्रत्येक सदस्य को सदन में बोलने का मौका मिले। यह सदन पवित्र सदन है। जनता का सदन है। जनता का मान मर्यादा का पालन सदन में प्रत्येक सदस्य से कराना उनका दायित्व है। श्री देवनानी ने कहा कि मंगलवार को सदन में उनकी भावुकता की स्थिति में विभिन्न दलों के विधायकगण ने उनके प्रति सहानुभूति की जो भावना व्यक्त की है, उसके लिए वे सभी सदस्यों के आभारी हैं। श्री देवनानी ने कहा कि सदन में गतिरोध की स्थिति में उसे समाप्त करने के लिए उन्होंने हर स्तर पर प्रयत्न किया। उनका प्रयास था कि हर हाल में गतिरोध समाप्त हो और सदन चले। इसके लिए उन्होंने पक्ष और प्रतिपक्ष की बातें सुनी। उनको माना लेकिन इसके बावजूद भी कुछ सदस्यों का व्यवहार सदन की मर्यादा के विपरीत था । श्री देवनानी ने कहा की कोई व्यक्ति कितना भी बड़ा हो, वे सदन को हाईजैक नहीं करने देंगे। श्री देवनानी ने कहा कि सदन की कार्रवाई को वे बिना गतिरोध के नियमित रूप से चलने का पूरा प्रयास करेंगे। श्री देवनानी ने कहा कि राजस्थान विधानसभा को वे देश की सर्वश्रेष्ठ विधानसभा बनाना चाहते हैं, इसके लिए वे निष्ठा से कार्य कर रहे हैं। उनका मानना था कि इस कार्य में 16वीं राजस्थान विधानसभा के प्रत्येक सदस्य की भी महत्वपूर्ण भूमिका है लेकिन कुछ विधायकगण के व्यवहार से बहुत व्यथित हुए हैं। श्री देवनानी ने कहा कि वे कठोरता से सदन में अनुशासन के साथ नियमों का पालन कराएंगे। इसके लिए वे हर स्तर पर प्रयास करेंगे।
👍 🙏 ❤️ 5

Comments