राजस्थान विधान सभा
June 14, 2025 at 03:19 PM
*श्री देवनानी ने अजमेर में शुरू किया वंदे गंगा जल संरक्षण महा अभियान* *श्री देवनानी के साथ त्रिदिवसीय श्रमदान अभियान की शुरुआत मे आनासागर चोपाटी पर उमड़ा जन सैलाब, सहस्त्रों हाथों ने किया श्रमदान* जयपुर, 14 जून। राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने शनिवार को अजमेर में जल संरक्षण और स्वच्छता की भावना को साकार करते हुए वंदे गंगा जल संरक्षण अभियान के तहत त्रिदिवसीय श्रमदान अभियान का शुभारंभ आनासागर झील की सफाई से किया। आनासागर के तट पर हजारों लोगों की भागीदारी ने जन अभियान का रूप ले लिया। विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी, केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री श्री भगीरथ चौधरी, जिला कलक्टर श्री लोकबन्धु सहित प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, विद्यार्थियों और स्वयंसेवी संस्थाओं ने श्रमदान में उत्साहपूर्वक भाग लिया। विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने श्रमदान करते हुए कहा कि आओ साथ चले, आनासागर साफ करें के संकल्प के साथ आमजन की भागीदारी का यह दृश्य लगभग 4 दशकों के बाद देखने को मिला है। यह वास्तव में जल के लिए एक जन आंदोलन है। उन्होंने कहा कि जल है तो जीवन है और मानव शरीर का 70 प्रतिशत भाग जल है। ऐसे में जल स्रोतों की शुद्धता और संरक्षण आवश्यक है। श्री देवनानी ने कहा कि अभियान सिर्फ प्रतीकात्मक नहीं होना चाहिए। इसे व्यवहार में लाकर जल बचाने की आदत को जीवनशैली का हिस्सा बनाना होगा। जल स्रोतों पर अतिक्रमण नहीं हो इसका सभी को संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि अभियान के अंतर्गत रविवार को रीजनल कॉलेज चौराहे स्थित नई चौपाटी पर भी श्रमदान किया जाएगा। इस अवसर पर केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री श्री भगीरथ चौधरी ने कहा कि आनासागर झील अजमेर का हृदय है। यह ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और पर्यावरणीय दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण जल स्रोत है। उन्होंने कहा कि जल ही जीवन है और इसके संरक्षण के लिए हर नागरिक को जिम्मेदारी निभानी होगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से देशभर में जल संरक्षण के लिए चल रहे प्रयासों को गति देने के लिए यह अभियान जन सहभागिता का सशक्त उदाहरण है। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं, स्कूली विद्यार्थियों, सामाजिक संस्थाओं और प्रशासन की सक्रिय भागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि यही समर्पण जल स्तर बढ़ाने में अहम साबित होगा। जिला कलक्टर श्री लोकबन्धु ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के निर्देशानुसार 5 जून से 20 जून तक जिले में वंदे गंगा जल संरक्षण अभियान के तहत व्यापक स्तर पर जल स्रोतों के संरक्षण का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आनासागर पर श्रमदान अभियान में आमजन की सक्रिय भागीदारी अत्यंत आवश्यक है। नगर निगम कार्मिकों की महत्त्वपूर्ण भूमिका है । झील में प्लास्टिक कचरे की अधिकता चिन्ता का विषय है। इसके लिए सभी को मिलकर प्लास्टिक मुक्त शहर की दिशा में काम करना होगा। श्रमदान अभियान के तहत नर्सिंग छात्राओं ने मानव श्रृंखला बनाकर कचरा संग्रहण किया। वहीं स्काउट, एनसीसी व आरएसी के जवानों ने भी भागीदारी निभाई। इस अवसर पर विभिन्न सामाजिक संगठनों, शैक्षणिक संस्थाओं और विभागों को उनके सहयोग के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। प्रशस्ति पत्र प्राप्त करने वाले संगठनों में भारतीय स्काउट गाइड, जवाहरलाल नेहरू जीएनएम, जिला बार एसोसिएशन, शिक्षा विभाग, पूर्व सैनिक परिषद, राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल, माहेश्वरी सेवा समिति, एनएसएस, शिक्षक संघ, भवानी शंकर मंदिर समिति, पतंजलि योग समिति, चित्रगुप्त एकता मंच, वन विभाग रेंज ब्यावर, ज्योतिबा फुले मालियान समिति, बजरंग मंडल, पृथ्वीराज मंडल, विवेकानंद केंद्र शाखा, आशा सहयोगिनी सहित अनेक संस्थाएं शामिल रही। इस अवसर पर महापौर श्रीमती ब्रजलता हाडा, उपमहापौर श्री नीरज जैन, शहर अध्यक्ष श्री रमेश सोनी, देहात अध्यक्ष श्री जीतमल प्रजापत,अतिरिक्त जिला कलक्टर श्री गजेंद्र सिंह राठौड़, श्रीमती ज्योति ककवानी, क्षेत्रीय पार्षद सहित अनेक जनप्रतिनिधियों, अधिकारीगण, एनसीसी स्काउट एवं आरएसी के जवानों, नर्सिंग छात्रों, विद्यार्थियों तथा समाजसेवियों ने श्रमदान में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
Image from राजस्थान विधान सभा: *श्री देवनानी ने अजमेर में शुरू किया वंदे गंगा जल संरक्षण महा अभियान* ...

Comments